logo

UP : पिता की मौत से अनजान उनके चेहरे पर सिंदूर लगाती रहीं जुड़वा बेटियां, मां आई तो...

पिता की मौत से अनजान उनके चेहरे पर सिंदूर लगाती रहीं जुड़वा बेटियां, मां आई तो...

लखनऊ: 

यूपी के लखीमपुर में एक डॉक्टर की मौत हो गई। डॉक्टर उस वक्त अपनी जुड़वा बेटियों के साथ अकेले थे। बेटियों की उम्र इतनी कम है कि वे अभी किसी की मौत हो जाना नहीं समझती हैं। डॉक्टर की पत्नी जब घर पहुंची तो देखा कि दोनों बेटियां पिता की छाती पर बैठी हैं और उनके चेहरे को सिंदूर से सजा रही हैं। बच्चियों ने अपने चेहरों पर भी सिंदूर लगा लिया था। महिला को अनहोनी की आशंका हुई तो उसने पति को सीपीआर देने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। 

लखीमपुर खीरी का है दुखद मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिवंगत डॉ. राजेश मोहन गुप्ता अपनी पत्नी डॉ. वीणा गुप्ता के साथ लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली थानाक्षेत्र अंतर्गत काशीनगर मोहल्ले में एक किराये के मकान में बीते 5 साल से रह रहे थे। डॉ. राजेश मोहन गुप्ता शहर से तकरीबन 3 किमी दूर बाजुडीहा गांव में सरकारी अस्पताल में कार्यरत थे जबकि पत्नी डॉ.वीणा गुप्ता शहर में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत हैं। घटना वाले दिन डॉक्टर राजेश घर पर ही 2 बेटियों के साथ थे जबकि पत्नी ड्यूटी पर गई थीं। मामला, 26 जुलाई का है लेकिन घटना का वीडियो अब सामने आया है तो मामला प्रकाश में आया।

 

डॉ. वीणा ने बताया पूरा घटनाक्रम
घटना को लेकर दिवंगत डॉ. राजेश मोहन गुप्ता की पत्नी ने बताया कि "26 जुलाई को मैं ड्यूटी पर गई थी। दोपहर को तकरीबन डेढ़ बजे ड्यूटी खत्म करके घर लौटीं तो दरवाजा बंद था। उन्होंने दरवाजा नॉक किया लेकिन किसी ने प्रतिक्रिया नहीं दी। कई बार दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई लेकिन उसे खोलने  कोई नहीं आया। आखिरकार मैंने मकान मालिक को फोन किया और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देख मैं सन्न रह गई। दोनों बेटियां पिता के सीने पर बैठी थीं। पिता के चेहरे पर सिंदूर लगा रही थीं। पति को बेहोश समझकर मैंने सीपीआर देने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। शायद बहुत देर हो चुकी थी। तब तक सबकुछ खत्म हो चुका था"। 

हार्ट अटैक से हो गई थी डॉक्टर की मौत
आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस, डॉक्टर को अस्पताल ले गई जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक डॉ. राजेश मोहन गुप्ता के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट-अटैक बताया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें डॉ. वीणा पति को सीपीआर देती नजर आ रही हैं वहीं बेटियों पास ही सहमी सी खड़ी हैं। बताया जाता है कि डॉ. राजेश वाराणसी के रहने वाले थे जबकि डॉ. वीणा लखनऊ की रहने वाली हैं।