द फॉलोअप डेस्क:
असम चुनाव में वोटिंग की पूर्व संध्या पर राहुल गांधी ने नागरिकों के लिए वीडियो संदेश जारी किया. राहुल गांधी ने कहा कि हम असम के नागरिकों को इस बात की गारंटी देते हैं कि सिंगर जुबिन गर्ग और उनके परिजनों को 100 दिन के भीतर न्याय दिलाएंगे. असम में नया हेल्थ बीमा सिस्टम विकसित किया जाएगा जिसके तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये तक का इलाज का खर्च दिया जायेगा. वरिष्ठ नागरिकों के लिए कैबिनेट में अलग से मंत्रालय बनाकर उनको प्रतिमाह 1250 रुपये का पेंशन दिया जायेगा. महिलाओं को डायरेक्ट बेनिफिट स्कीम के तहत उनके बैंक खाते में सीधे नकदी भेजने के अलावा उन्हें स्वरोजगार के लिए 50 हजार रुपये की एकमुश्त राशि दी जाएगाी.
असम के हर परिवार से अपील है - भ्रष्टाचार में एक भी और दिन नहीं गुज़ारना।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 8, 2026
हिमंता ने असम को लूटा है - यह असम जानता है, देश जानता है।
कल बदलाव का दिन है।
कांग्रेस गठबंधन को वोट दें।
जय असम, जय हिंद। pic.twitter.com/mxRHyPZCRv
सीएम हिमंता को आड़े हाथों लिया
राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को भी आड़े हाथों लिया. हिमंता को हिन्दुस्तान का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल सरकार बदलने के लिए नहीं है, बल्कि इस चुनाव के जरिए असम में व्याप्त हिंसा, नफरत और भ्रष्टाचार को भी खत्म करना है. राहुल गांधी ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रदेश में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार की हैं. उन्होंने कहा कि हिमंता लोगों की जमीन छीनते हैं, जबकि हम नागरिकों को जमीन का पट्टा दिलाएंगे.
9 अप्रैल को असम चुनाव में होगी वोटिंग
गौरतलब है कि असम विधानसभा चुनाव में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच है. हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के कथित 3 पासपोर्ट और बेनामी जमीनों को लेकर कांग्रेस पार्टी हमलावर है, वहीं मुख्यमंत्री ने पवन खेड़ा समेत राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर मुकदमा करने की बात कही है.
वोटिंग से पहले राहुल गांधी का नागरिकों के नाम संदेश से क्या असर पड़ता है, यह तो वक्त बताएगा. फिलहाल, प्रदेश में सियासी गहमा-गहमी तेज है.