पटना:
बिहार और बिहारी को लेकर कांग्रसे लगातार फंसती जा रही है। पंजाब चुनाव के दौरान पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बिहारियों को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था 'यूपी, बिहार और दिल्ली वालों को यहां राज नहीं करने देंगे। इस बयान के बाद भी कांग्रेस की खूब आलोचना हुई थी। अब कांग्रेस के तेलंगाना के प्रवक्ता के बयान से राजनीतिक घमासान मच गया है। भाजपा के बाद राजद ने भी कांग्रेस को निशाने पर लिया है। तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव पर हमला बोलते हुए तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी ने कहा था कि चंद्रशेखर राव का डीएनए बिहारी है।

भाजपा का वार
बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कांग्रेस पर बिहार के लोगों से नफरत करने का आरोप लगाया है। कहा है कि कांग्रेस नेताओं को पता नहीं बिहारियों से क्या दिक्कत है जो बिहारियों का कांग्रेस के नेता बार-बार अपमान करते हैं। वहीं बिहार भाजपा के प्रवक्ता अरविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस बिहारियों का अपमान करती रही है। चाहे पंजाब के सीएम चन्नी का बयान हो या फिर महाराष्ट्र में बिहारियों का अपमान करने वाले- सभी एक ही गिरोह के हैं। कांग्रेस बिहारियों को अपमानित करने का अपना फर्ज समझती है।

राजद का तरकश
राजद नेता व बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने ए रेवंत रेड्डी के बयान को नहीं सुना है। लेकिन बिहार की धरती ऐसी धरती है, जहां भगवान बुद्ध पैदा हुए हैं. यहां नालंदा जैसा बहुत बड़ा ज्ञान का विश्वविद्यालय था, तो फिर बिहार को लेकर अगर कोई बात कर रहे हैं, तो वह अज्ञानी लोग ही हैं। वहीं राजद के ही प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि पंजाब हो, मुंबई और दिल्ली हो या फिर हैदराबाद, हर जगह बिहार का परचम लहरा रहा है। बिहारी होना गौरव की बात है। लेकिन जिस तरह से तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने टिप्पणी की है यह अत्यंत अशोभनीय है। इस बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

जदयू ने भी घेरा
जद(यू) के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी संजय कुमार झा ने कहा, 'कांग्रेस काफी समय से बिहार में कमजोर हो चुकी है। दूसरी जगहों पर इसके नेताओं के व्यवहार से पता चलता है कि राज्य में पार्टी के लिए सबसे खराब स्थिति आनी अभी बाकी है। इधर, बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और एमएलसी समीर कुमार सिंह ने कहा कि रेड्डी ने ''बिहार को नीचा दिखाने की कोशिश नहीं की बल्कि उनके निशाने पर केसीआर थे।''