logo

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी इजाफा, 994 रुपये महंगा हुआ

तजु1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

1 मई से आम लोगों और कारोबारियों की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। सबसे बड़ा झटका कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भारी बढ़ोतरी के रूप में लगा है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में करीब ₹994 तक की बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत अब 3,071.50 हो गई है, जो पहले 2,078.50 थी। हालांकि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रेस्टोरेंट और कैटरिंग पर बढ़ेगा खर्च
कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों पर पड़ेगा। उनकी लागत बढ़ने के कारण चाय, नाश्ता और खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ सकते हैं। इसके अलावा शादी-ब्याह और इवेंट्स की कैटरिंग सेवाएं भी महंगी होने की आशंका है, जिससे आम लोगों का खर्च और बढ़ सकता है।

छोटा सिलेंडर भी हुआ महंगा, आम लोगों पर असर
कमर्शियल सिलेंडर के साथ 5 किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमत में भी 261 की बढ़ोतरी की गई है। यह सिलेंडर खासतौर पर प्रवासी मजदूरों, छात्रों, रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे कारोबारियों के बीच लोकप्रिय है। इसकी आसान उपलब्धता (सिर्फ आईडी प्रूफ पर) के कारण इसका इस्तेमाल तेजी से बढ़ा था, लेकिन कीमत बढ़ने से अब इस वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ सकता है।

क्रेडिट कार्ड और ऑनलाइन गेमिंग नियम भी बदले
मई महीने की शुरुआत के साथ ही क्रेडिट कार्ड और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नए नियम भी लागू हो गए हैं। इन बदलावों का असर सीधे उपभोक्ताओं की जेब और उनके डिजिटल खर्च पर पड़ेगा। खासतौर पर ऑनलाइन गेमिंग के नए नियमों से इस सेक्टर में पारदर्शिता और नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश की गई है।

 

Tags - LPGgas priceinflationcommercial cylinderrestaurant business