logo

भारत जोड़ो यात्रा : एक सूत्र में बंधेगा देश, फूट डालो-शासन करो की नीति को भाजपा ने शत-प्रतिशत अपना लिया- मिथिलेश ठाकुर

445.jpg

द फॉलोअप डेस्क
इंदौर के सांबेर से राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा प्रातः 06 बजे से शुरू हुई। जिसमें झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और भारत जोड़ो यात्रा के राज्य संयोजक सुबोधकांत सहाय सहित कांग्रेसी नेता शामिल हुए। वहीं, झामुमो का प्रतिनिधित्व पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार मंगलवार को झामुमो एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रतिनिधि के रूप में भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने इंदौर पहुंचे। उन्होंने भी झारखंड के अन्य नेताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।

नफरत का घोला जा रहा जहर
यात्रा को लेकर मिथलेश ठाकुर ने कहा कि आज देश में भारत जोड़ो यात्रा निकालने की आवश्यकता क्यों पड़ी, यह बहुत ही सोचनीय है। यह देशव्यापी यात्रा है। देश से अंग्रेज चले गए। मगर उनकी फूट डालो शासन करो की नीति पर भाजपा पूरी मजबूती से चल रही है। भाजपा ने इसे शत प्रतिशत अपना लिया है। देश में अंग्रेजों के शासन काल से भी स्थिति आज ज्यादा बदतर हो गई। भाजपा ने पूरे देश में जात, पात एवं धर्म के नाम पर नफरत का जहर घोल दिया है। गंगा-जमुनी तहजीब की इस धरती पर भाजपा फूट डालो शासन करो की नीति पर काम कर रही है।

इतना विभाजित नहीं था समाज
मिथलेश ठाकुर ने कहा कि हमारा समाज जिस तरह से विभाजित हो गया है ऐसा तो स्वतंत्रता के बाद क्या स्वतंत्रता से पहले भी नहीं हुआ था। आज आम लोगों के साथ-साथ रंगों और महापुरुषों को भी बांटा जा रहा है। सरदार पटेल ने आजीवन कांग्रेस एवं देश की सेवा की। जिन्होंने कांग्रेस एवं देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। भाजपा आज उन्हें रोल मॉडल बना रही है। जिस नर्मदा सरोवर पर सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित की गई है, उस नर्मदा सरोवर की आधारशिला पंडित जवाहरलाल नेहरू ने ही रखी थी। भाजपाइयों ने बापू को भी नहीं बख्शा। यदि हम अब भी नहीं चेते तो पूरा समाज, पूरे देश को खंडित होने से कोई नहीं रोक सकता।

 

नफरत मिटाने के लिए हो रही है यात्रा
देशवासियों के जेहन से इसी नफरत को मिटाने के लिए ही भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की गई है। मिथलेश ठाकुर ने कहा कि यह यात्रा 2024 तक चलेगी। यह तब तक चलेगी जब तक भाजपा की सरकार को उखाड़ नहीं फेंकते। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी देश के प्रत्येक राज्यों में जनता इस यात्रा का समर्थन कर रही है। सारा देश एक सूत्र में जुड़ रहा है। मंत्री ने कहा कि आज स्थिति यह बन गई है कि देश के जिन प्रदेशों में भाजपा का शासन नहीं है वहां भाजपाइयों को सभी चोर एवं भ्रष्टाचारी ही दिखते हैं। जिन प्रदेशों में भाजपा का शासन है, वहां सभी गंगाजल के धुले हुए हैं। मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी का यह कदम बहुत ही साहसिक एवं ऐतिहासिक है।

राहुल गांधी ने झारखंड के नेताओं से की मुलाकात
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही मध्याह्न भोजन के समय राहुल गांधी ने झारखंड के नेताओं से बात की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने इस संबंध में बताया कि राज्य की वर्तमान राजनीतिक हालात और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास के कार्यक्रमों पर चर्चा की। कहा, राज्य सरकार जनहित के मुद्दे में जो कार्य कर रही है वो काबिले तारीफ है। राहुल ने यह भी कहा कि सरकार के विकासशील चेहरे को बदनाम करने का षडयंत्र भाजपा के द्वारा किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में इसका डटकर मुकाबला कीजिए। नफरती माहौल, महंगाई, देश की गिरती अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों पर जो लड़ाई कांग्रेस लड़ रही है उसी लड़ाई का परिणाम है कि भाजपा बेचौनी है। इसलिए संवैधानिक संस्थाओं द्वारा आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है। लेकिन न हम डरेंगे, न झूकेंगे बल्कि जनता की आवाज बनकर जनता के साथ मिलकर इस निरंकुश सरकार को हराने का काम करेंगे। इस यात्रा में झारखंड मुक्ति मोर्चा की साहभागिता के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राहुल गांधी ने साधुवाद दिया।

पदयात्रा में ये नेता भी हुए शामिल
पदयात्रा कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, विधायक प्रदीप यादव, अनुप सिंह, अंबा प्रसाद, रामचन्द्र सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, अमूल्य नीरज खलखो, सतीश पॉल मुंजनी, काली चरण मुंडा, विनय सिन्हा दीपू, कुमार राजा, शशिभूषण राय, शकील अख्तर अंसारी, भानू प्रताप बड़ाईक सहित अन्य कांग्रेसी नेता शामिल हैं।