logo

कल रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक

कल रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक

द फॉलोअप डेस्क:
देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को अपने जरूरी बैंकिंग काम समय पर निपटाने की सलाह दी जा रही है। इस बीच, वित्त मंत्रालय ने ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य रूप से खोलने का फैसला लिया है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी रविवार को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट के संचालन की अनुमति दी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत अन्य मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहने वाली थीं। ऐसे में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। हालांकि, रविवार को बैंक खोलने के फैसले से ग्राहकों को जरूरी काम निपटाने का अतिरिक्त मौका मिलेगा।

 


 

बैंक शाखाओं में शुक्रवार को दिखी ग्राहकों की भीड़

इधर, रांची में शुक्रवार को भी ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटाने के लिए विभिन्न बैंक शाखाओं में पहुंचे। लगातार हो रही बारिश के बावजूद लोग चेक जमा करने, चेक क्लियरेंस, नकद जमा और निकासी जैसे कामों के लिए बैंक पहुंचे। हालांकि, बारिश और रविवार को बैंक खुलने की जानकारी के कारण कई शाखाओं में सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। वहीं, कुछ शाखाओं में रोजाना के मुकाबले अधिक ग्राहक भी पहुंचे। ग्राहकों की कोशिश रही कि हड़ताल शुरू होने से पहले ही अपने जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर लें।

ग्राहकों को भेजे जा रहे हैं जागरूकता संदेश

बैंक प्रबंधन की ओर से ग्राहकों को संदेश भेजकर रविवार को बैंक खुले रहने और हड़ताल की तारीखों की जानकारी दी जा रही है। ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि वे चेक क्लियरेंस, नकद जमा और निकासी समेत शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरे कर लें। हालांकि, रविवार को बैंक खोलने का फैसला सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के लिए घोषित किया गया है। निजी बैंक जाने से पहले संबंधित शाखा से उसके संचालन की जानकारी लेना उचित होगा।
 

हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग का कर सकते हैं इस्तेमाल

हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में ग्राहकों को नकदी की जरूरत के लिए एटीएम और एडीडब्ल्यूएम का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वहीं, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं के जरिए भी कई जरूरी लेनदेन किए जा सकते हैं। हालांकि, चेक क्लियरेंस और शाखा से जुड़े कुछ कामों में देरी हो सकती है। इसलिए ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार पहले से तैयारी कर लेनी चाहिए।

Tags - Bank Strike 2026 Bank Strike September 28 to 30 Bank Holiday September 2026 Banks Open on Sunday September 27 RBI Bank Holiday Update