logo

राजस्थान कांग्रेस : गहलोत गुट के 92 विधायकों ने किया इस्तीफे का ऐलान, बोले- सचिन पायलट स्वीकार नहीं

गहलोत गुट के 92 विधायकों ने किया इस्तीफे का ऐलान, बोले- सचिन पायलट स्वीकार नहीं

जयपुर: 


राजस्थान में सियासी घमासान मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुट के 92 कांग्रेसी विधायकों ने इस्तीफा देने का ऐलान किया है। विधायकों ने कहा है कि वे विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को अपना इस्तीफा सौंपने जा रहे हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 17 अक्टूबर को होने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद के लिए होने वाली चुनाव में उतरने का फैसला किया है। कांग्रेस की एक व्यक्ति-एक पद की नीति के तहत यदि अशोक गहलोत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं तो वे सीएम पद पर बने नहीं रह सकते।

ऐसे में उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सीएम पद के प्रबल दावेदार बन जाते हैं, लेकिन पार्टी के अंदर ही उनके खिलाफ माहौल बन गया है। 

17 अक्टूबर को होगा अध्यक्ष पद का चुनाव
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद का चुनाव होना है। नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रमुख दावेदार के रूप में अशोक गहलोत और शशि थरूर मैदान में हैं। चूंकि पार्टी की नीति एक व्यक्ति-एक पद की है तो अशोक गहलोत को सीएम पद छोड़ना होगा। हालांकि, अशोक गहलोत ने जरूर इशारा किया था कि वे दोनों ही पदों पर रहना चाहते हैं, लेकिन राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने साफ किया कि एक व्यक्ति-एक पद की नीति कायम रहेगी। ऐसी स्थिति में सचिन पायलट को सीएम बनाए जाने की चर्चा थी लेकिन सियासी बवाल पैदा हो गया है। 

पायलट और गहलोत गुट का शीतयुद्ध जारी
बता दें कि राजस्थान कांग्रेस में सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच शीतयुद्ध कोई नई बात नहीं है। चुनाव बाद सचिन पायलट को उम्मीद थी कि वे मुख्यमंत्री बनेंगे लेकिन डिप्टी सीएम के पद से संतोष करना पड़ा। बीच-बीच में दोनों ही गुटों के बीच वाक्युद्ध भी होता रहता है। हाल ही में कई मंचों पर सचिन पायलट के गुट वाले नेता उनको सीएम बनाये जाने की वकालत कर चुके हैं। इधर, अब जबकि मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम की चर्चा हुई तो 92 विधायकों ने बगावत का बिगुल फूंक दिया।