द फॉलोअप डेस्क:
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैंक्रों को भारत के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। पहले बाइडेन आने वाले थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गणतंत्र दिवस समारोह-2024 के लिए मैंक्रों को न्योता भेजा गया है। बताया जा रहा है कि पहले इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन शामिल होने वाले थे। हालांकि, हाल ही में उनका दौरा रद्द करने की बात सामने आई थी। गौरतलब है कि जुलाई 2023 में पीएम मोदी फ्रांस के बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि थे।

कर्तव्य पथ पर होगा परेड का आयोजन
26 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्यपथ पर परेड का आयोजन किया जाएगा। परंपरा के मुताबिक प्रत्येक वर्ष किसी न किसी राष्ट्राध्यक्ष को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता भेजा जाता है। इस वर्ष मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। अगले साल मैंक्रों आएंगे।
इमैनुएल मैंक्रों ने न्योता मिलने की पुष्टि की
इमैनुएल मैंक्रों ने भी न्योता मिलने की पुष्टि कर दी है। उन्होंने ट्विटर (एक्स) पर लिखा कि गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आपके निमंत्रण के लिए शुक्रिया। मेरे अजीज मित्र नरेंद्र मोदी। मैं इस उत्सव में आपके साथ मौजूद रहूंगा। गौरतलब है कि कर्तव्य पथ पर परेड की तैयारी शुरू हो चुकी है। सेना के जवान रिहर्सल में लगे हैं।