logo

उलीडीह में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, पुरानी रंजिश में गलत पहचान का शिकार

SSSDFSFF.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के मून सिटी में रविवार दोपहर एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में सतीज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
घटना दोपहर करीब 3 बजे साईं मंदिर के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पर अचानक धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।


प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले डिमना चौक पर सतीज के दोस्त ओम नामक युवक के साथ छिनतई का प्रयास हुआ था, जिसका उसने और उसके बड़े भाई ने विरोध किया था। इस मामले में एमजीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी शुभम सिंह, जो एक वार्ड पार्षद का करीबी बताया जा रहा है, पुलिस कार्रवाई से बच निकला था और उसने फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

बताया जा रहा है कि रविवार को सतीज सिंह, ओम की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर मून सिटी गया था। इसी दौरान आरोपियों ने बाइक देखकर उसे ओम समझ लिया और हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags - JAMSHEDPUR NEWS ATTACK WITH MACHETE JHARKHAND KHABAR CRIME NEWS JAMSHEDPUR