द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक को लेकर एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना सोमवार देर रात की है, जबकि इसका खुलासा मंगलवार दोपहर ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक 24 वर्षीय युवक रात को फुटबॉल मैच देखकर लौटा था। खाना खाकर वह अपने घर में सो गया था। इसी दौरान आरोपी आधी रात को उसके घर में घुस गया और टांगी से उसके गले पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। मृतक के पड़ोसियों ने बताया कि पति को शक था कि उसकी पत्नी से युवक का अवैध संबंध है। जिसको लेकर वह काफी गुस्से में रहता था और उसे मारने के लिए मौके की तलाश में था।

ग्रामीणों को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घटनास्थल पहुंचकर कागजी कार्रवाई के पश्चात लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर ग्रामीणों ने अभियुक्त को पकड़ने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। अड़की थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अवैध संबध सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक और आरोपी की पत्नी के बीच अवैध संबंध था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बुधवार को जेल भेजा जाएगा।