द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर बुधवार को जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 40 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ लिया। जीआरपी इंचार्ज उपेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि कोडरमा से कोलकाता जा रही ट्रेन में एक व्यक्ति भारी मात्रा में कैश लेकर यात्रा करने वाला है। सूचना की पुष्टि के लिए जीआरपी टीम ने स्टेशन पर अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लिए खड़ा मिला। तलाशी के लिए कहे जाने पर युवक ने बैग खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे जीआरपी पोस्ट लाया गया, जहां उसके बैग से 40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

युवक की पहचान 19 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा का निवासी है। पूछताछ में उसने दावा किया कि वह सोने-चांदी का कारोबारी है और शॉपिंग के लिए कोलकाता जा रहा था। जब जीआरपी ने उससे नकदी से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, तो वह कोई भी प्रमाण उपलब्ध नहीं करा सका।

जीआरपी इंचार्ज उपेंद्र कुमार ने बताया कि बरामद राशि की सीजर लिस्ट मजिस्ट्रेट के समक्ष तैयार की जाएगी और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि युवक पूछताछ के दौरान बार-बार अपना बयान बदल रहा था। पहले उसने दस्तावेज दिखाने के लिए एक दिन का समय मांगा, बाद में कहा कि वह कैश में कारोबार करता है, इसलिए उसके पास कोई रिकॉर्ड नहीं है