logo

शिकागो से आए युवा मोटिवेटर फ़हद सरफ़राज़ ने कहा- बच्चों में सपना जगाना ही असली शिक्षा

SHIKAGO.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के दलादली स्थित आइडियल इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को शिकागो से आए प्रख्यात युवा प्रेरक वक्ता फ़हद सरफ़राज़ अहमद ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित किया। कार्यक्रम में डॉ. सरफ़राज़ अहमद, आइडियल ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन के अध्यक्ष डॉ. माजिद आलम, स्कूल के निदेशक डॉ. तनवीर आलम, डॉ. सुम्बुल आलम समेत कई शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।


फ़हद अहमद ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि बच्चों की असली क्षमता तभी विकसित होती है, जब उन्हें नहीं की जगह हां कहकर प्रयास करने का मौका दिया जाए। उन्होंने कहा कि गलतियां सीखने की सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी हैं, इसलिए अभिभावक बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें। सत्र के दौरान उन्होंने अपनी प्रेरक वेबसाइट द लैडर के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म बच्चों को अपना लक्ष्य तय करने, सपनों की नौकरी चुनने और भविष्य की दिशा समझने में मदद करता है। बच्चे इस वेबसाइट पर अपनी फोटो और करियर लक्ष्य जोड़कर आगे की रूपरेखा बना सकते हैं।


फ़हद सरफ़राज़ अहमद ने बताया कि आने वाले दिनों में वे रांची के अन्य स्कूलों में भी ऐसे ही प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को आत्मविश्वास और दिशा मिल सके।