जामताड़ा
जामताड़ा सदर अस्पताल में देर रात एक अज्ञात युवक ने अस्पताल परिसर में स्थित डायलिसिस सेंटर के जनरेटर में आग लगा दी. घटना करीब देर रात 1:00 बजे की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आ गया है.
दीवार फांदकर आया अंदर और जनरेटर में लगाई आग
घटना के वक्त अस्पताल में करीब 100 मरीज भर्ती थे और 30 से अधिक डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे. आग की लपटें देख अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. गनीमत यह रही कि स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. अगर आग फैलती, तो अस्पताल में मौजूद दर्जनों जिंदगियां खतरे में पड़ सकती थीं. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक अज्ञात युवक अस्पताल की पिछली दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करता है और जानबूझकर जनरेटर को आग के हवाले कर फरार हो जाता है.

आरोपी के खोज में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान की जा रही है. अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.