द फॉलोअप, नेशनल:
Woman Found Dead in Mumbai : उत्तर प्रदेश के सादकपुर गांव की रहने वाली 27 वर्षीय रुखसाना की मुंबई में हत्या का मामला सामने आया है। रविवार को बांद्रा इलाके में कूड़े के ढेर से उसका शव बरामद किया गया। रुखसाना जुलाई में अपने तीन बच्चों को छोड़कर गांव के ही मोहम्मद साकिब के साथ चली गई थी। दोनों मुंबई के सांताक्रूज इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।
घर से अचानक गायब हुई थी रुखसाना
जानकारी के मुताबिक, साकिब मुंबई में ऑटो चलाकर अपना गुजारा करता है। उसकी पहली पत्नी शहरीन भी उसके साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले शहरीन ने अपने पिता सरताज, भाई समीर और मां फरजाना को मुंबई बुलाया था। साकिब के मुताबिक, 27 सितंबर को वह ऑटो चलाने के लिए घर से निकला था। शाम को वापस लौटने पर रुखसाना घर में नहीं मिली। उसने शहरीन और उसके मायके से आए परिजनों से रुखसाना के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
.jpeg)
इसके बाद साकिब ने सांताक्रूज पुलिस से संपर्क कर रुखसाना की हत्या की आशंका जताई। पुलिस महिला की तलाश में जुटी थी। रविवार को बांद्रा क्षेत्र में उसका शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। साकिब ने रुखसाना की हत्या में अपनी पहली पत्नी और उसके मायके के लोगों की भूमिका होने का संदेह जताया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने छोड़ा था घर
रुखसाना के चाचा जफरुद्दीन के अनुसार, रुखसाना और साकिब के बीच करीब छह साल पहले प्रेम संबंध शुरू हुआ था। इसकी जानकारी परिवार को मिलने के बाद रुखसाना का निकाह लगभग चार साल पहले मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के रवाना गांव में करा दिया गया था। बाद में साकिब का भी निकाह हो गया और वह मुंबई में रहने लगा।
परिजनों के मुताबिक इसी साल जुलाई में दोनों अपने-अपने घर आए थे। इसके बाद दोनों के बीच फिर संपर्क हुआ और वे घर छोड़कर चले गए। रुखसाना के तीन बच्चे हैं, जबकि साकिब के दो बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद रुखसाना के चाचा जफरुद्दीन शव लेने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।