द फॉलोअप डेस्क
यूपी के औरैया में गोलगप्पा खाने के शौक ने एक महिला को अस्पताल पहुंचा दिया। दिबियापुर थाना क्षेत्र के गौरीकिशनपुर ककोर निवासी इंककला देवी अपने परिवार के साथ बहू की डिलीवरी के लिए जिला अस्पताल के पास रुकी थीं। सुबह बच्चों की जिद पर पूरा परिवार गोलगप्पा ठेले पर पहुंचा। यहीं इंककला देवी ने एक बड़े आकार का गोलगप्पा मुंह में डालने की कोशिश की, लेकिन यह कोशिश उनके लिए दर्दनाक साबित हुई। जैसे ही उन्होंने मुंह ज्यादा खोलकर गोलगप्पा खाने की कोशिश की, उनका जबड़ा अचानक लॉक हो गया। गोलगप्पा आधा अंदर और आधा बाहर अटक गया और वह मुंह बंद ही नहीं कर पाईं। परिजनों को पहले लगा कि यह मजाक है, लेकिन जब दर्द बढ़ने लगा तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। रिश्तेदार सावित्री देवी ने बताया कि “एक झटके में यह हुआ। दीदी दर्द से रो रही थीं और मुंह बंद नहीं हो रहा था।”

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि महिला का जबड़ा पूरी तरह डिस्लोकेट हो चुका है। कई बार मैनुअल रिडक्शन की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मरीज को बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों का कहना है कि यह बेहद दुर्लभ मामला है। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि जिन लोगों को पहले से जबड़े में दर्द, जकड़न या मुंह पूरा न खुल पाने की समस्या रहती है, उन्हें बड़े आकार के खाद्य पदार्थ एक ही बार में खाने से परहेज करना चाहिए। जबड़ा ज्यादा जोर से खोलने पर डिस्लोकेशन का खतरा बढ़ जाता है।

फिलहाल इंककला देवी का उपचार जारी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार दहशत में है, जबकि गोलगप्पा ठेला संचालक भी सकते में है। स्थानीय लोग इसे अब तक की सबसे अजीब घटना बता रहे हैं।