logo

कोडरमा में जंगली हाथियों का तांडव, 4 दिनों में 3 लोगों की मौत, ग्रामीणों में डर का माहौल

hathi21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु हरलाडीह गांव में रविवार सुबह 55 वर्षीय सीता देवी की हाथियों के हमले में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सीता देवी सुबह करीब 5 बजे महोदरा जंगल में महुआ चुनने गई थीं। अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें जमीन पर पटकते हुए पेट पर पैर रखकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहीं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर पहुंचे। रेंज ऑफिसर रविंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता दी और शेष 3.75 लाख रुपये मुआवजे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देने का आश्वासन दिया।

इधर, झरीटांड और ढेबुआडीह गांव में भी हाथियों का उत्पात जारी है। शुक्रवार की रात हाथियों ने कई मवेशियों को कुचलकर मार डाला और गौशालाओं को तहस-नहस कर दिया। गांव के बाहर बंधे पशु भी हमले का शिकार बने। इससे पहले बुधवार को मरियमपुर और बोनाकाली इलाके में दो लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि एक हाथी झुंड से अलग होकर लगातार हमला कर रहा है, जबकि अन्य हाथियों का दल आसपास के जंगलों में है। वन विभाग की टीम लगातार प्रयास में जुटी है, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण हाथियों को काबू करना मुश्किल हो रहा है। पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

 

Tags - Human death by elephant India Kodarma forest wildlife danger Jharkhand elephant incident 2026 Elephant attack on villagers Mahua collection forest danger Village livestock killed elephants Wild elephant rampage India Jharkhand wildlife news