logo

गिरिडीह में जंगली हाथियों का उत्पात, दो लोगों को पटक-पटककर मार डाला की 

hath3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में जंगली हाथियों ने एक बार फिर कहर ढाया है। सोमवार तड़के गादी गांव में हाथियों के झुंड ने तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग के खिलाफ गुस्से में हैं। मृतकों की पहचान शांति देवी और बोधी पंडित के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला सुदामा देवी, जो पेशम गांव की रहने वाली हैं, को गंभीर हालत में गिरिडीह के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय उप प्रमुख शेखर सुमन ने बताया कि सोमवार सुबह शांति देवी और बोधी पंडित अपने खलिहान की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में अचानक आए हाथियों ने उन्हें रौंद डाला। इसी दौरान सुदामा देवी पर भी एक हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और बरकट्ठा ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हाथियों के आने के बावजूद विभाग कोई स्थायी कदम नहीं उठा रहा है। लोग पीड़ित परिवारों को मुआवजा और घायल के बेहतर इलाज की गारंटी की मांग कर रहे हैं।