द फॉलोअप डेस्क
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज सुबह 10 बजे सिल्वर सिटी मॉल के पास कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह के आपराधिक गुरु के नामे से चर्चित विक्रम शर्मा की गोली लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार विक्रम जिम से लौट रहा था कि अपराधियों ने उसके पास से ताबड़तोड़ फायरिंग की। करीब से दो गोलियां विक्रम को लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना के समय उसके पास पिस्तौल भी थी, लेकिन वह हमलावरों से बचाव नहीं कर सका। पुलिस ने बताया कि फ़िलहाल प्रथम दृष्टया यह हमला सुनियोजित प्रतीत होता है। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार. विक्रम शर्मा मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था और वह प्रॉपर्टी डीलिंग तथा स्टोन क्रशर के व्यवसाय से जुड़ा हुआ था। उसका नाम दुमका जेल में बंद माफिया डॉन अखिलेश सिंह से भी जोड़ा जाता रहा है। चर्चा है कि विक्रम कभी अखिलेश सिंह का करीबी और गुरु माना जाता था। बता दें विक्रम पर करीब 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज है इसमें 20 गंभीर मामले हत्या से जुड़े हुए है। घटना के बाद मॉल परिसर एवं आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से लोग सहम गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या व्यवसायिक विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और एसटीएफ की टीमें हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
