द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा और जमशेदपुर के विनय राय के शव शनिवार को झारखंड पहुंचेंगे। शुक्रवार को वियतनाम में दोनों को श्रद्धांजलि देने के बाद उनके शव भारत के लिए रवाना कर दिए गए। विनय राय के पिता रमेश राय के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों शव कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर रांची और विनय राय का शव जमशेदपुर लाया जाएगा।

परिजनों ने शव वापस लाने के लिए किया लंबा प्रयास
राजा कुमार वर्मा के शव को भारत लाने के लिए परिवार को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उनके एक मामा वियतनाम में मौजूद रहे और परिवार की ओर से लगातार शव वापसी की प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया गया। वहीं, राजा कुमार के भाई ने शव को भारत लाने के लिए झारखंड हाई कोर्ट में याचिका भी दायर की थी। इस मामले में रांची के सांसद संजय सेठ ने भी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर दोनों शवों को भारत वापस लाने के प्रयास किए। तमाम प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शुक्रवार को दोनों शवों को भारत के लिए रवाना किया गया।

25 सितंबर को दा-लाट में हुआ था दर्दनाक हादसा
दरअसल, 25 सितंबर को वियतनाम के दा-लाट शहर में बाइक अनियंत्रित होकर एक कार की चपेट में आ गई थी। इस हादसे में रांची के राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल जमशेदपुर के विनय राय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। बताया गया कि दोनों अपना काम पूरा करने के बाद संस्थान लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना के बाद से ही दोनों के परिवार गहरे सदमे में हैं और अब परिजनों को उनके शवों के झारखंड पहुंचने का इंतजार है।