logo

Big Breaking : JSSC-CGL कथित पेपर लीक मामले में हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच से इनकार किया, PIL खारिज

hc83.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड हाईकोर्ट ने कथित JSSC–CGL पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर बड़ा फैसला सुनाते हुए याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि परीक्षा का परिणाम अब जारी किया जाएगा और अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया बाधारहित आगे बढ़ सकेगी। अदालत ने कहा कि 10 अभ्यर्थियों को छोड़कर बाकी सभी उम्मीदवारों का रिजल्ट प्रकाशित किया जाएगा, जिससे हजारों नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है।
गौरतलब है कि यह परीक्षा 21–22 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि परीक्षा में अनियमितता और पेपर लीक जैसी गंभीर बातें सामने आई हैं, जिनकी जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। हालांकि, पिछली सुनवाई में राज्य सरकार, JSSC, वादियों और सफल अभ्यर्थियों की ओर से विस्तृत बहस के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। 
आज सुनाए गए फैसले में कोर्ट ने कहा कि परीक्षा परिणाम पर लगी रोक हटाई जाती है और JSSC को तुरंत रिजल्ट जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया जाता है। हालांकि, उन दस अभ्यर्थियों के रिजल्ट पर रोक बरकरार रहेगी, जिन्होंने नेपाल में रहकर परीक्षा की तैयारी करने की बात सामने आई थी।  हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद झारखंड में JSSC–CGL के माध्यम से होने वाली बहुप्रतीक्षित हजारों नियुक्तियों का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है, जिससे अभ्यर्थियों में राहत और उत्साह का माहौल है।