logo

इंजीनियर सोहन महतो की मौत पर 60 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी पर समझौता

इंजीनियर सोहन महतो की मौत पर 60 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी पर समझौता

द फॉलोअप डेस्क,रांचीः
बोकारो के वेदांता स्टील (ईएसएल) कंपनी में गैस रिसाव की घटना में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के तिलैया निवासी इंजीनियर सोहन महतो की मौत के बाद परिजनों को 60 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है। काम के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने और दम घुटने से सोहन महतो की मौत हो गई थी। इस घटना से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक ओर परिवार ने अपना बेटा खो दिया, वहीं दूसरी ओर घर के सहारे के असमय चले जाने से परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद उचित मुआवजे और नियोजन की मांग को लेकर कंपनी के मुख्य द्वार पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ और गेट जाम कर दिया गया। परिजनों ने स्पष्ट किया कि वार्ता विधायक डॉ. जयराम महतो और JLKM परिवार के माध्यम से ही की जाएगी।


24 घंटे की वार्ता के बाद सुबह 6:30 बजे हुआ समझौता
JLKM की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार के भरोसे को जिम्मेदारी मानते हुए मुआवजे और नियोजन के लिए कंपनी प्रबंधन से बातचीत शुरू की गई। विधायक डॉ. जयराम महतो के निर्देश पर पार्टी नेत्री पूजा महतो, सुनीता महतो, लखी कटियार, सुभाष महतो और शैलेश महतो के नेतृत्व में प्रबंधन के साथ लगातार करीब 24 घंटे तक वार्ता चली। रातभर चली बातचीत के बाद सुबह 6:30 बजे समझौता हुआ। लिखित सहमति के अनुसार, दिवंगत सोहन महतो के परिजनों को कुल 60 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी मिलेगी। दाह-संस्कार के लिए तत्काल दो लाख रुपये दिए गए हैं, जबकि शेष 58 लाख रुपये तीन महीने के भीतर परिजनों के बैंक खाते में भेजे जाएंगे।


JLKM ने कहा- पीड़ित परिवारों के हक की लड़ाई जारी रहेगी
समझौते के बाद JLKM की ओर से कहा गया कि सोहन महतो की मौत से हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी आर्थिक सहायता से नहीं की जा सकती। संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को उनका हक दिलाना है। जारी बयान में कहा गया कि जनता का विश्वास ही संगठन की ताकत है और उस विश्वास की रक्षा करना उसका कर्तव्य है। जहां किसी के साथ अन्याय होगा या गरीब और मजबूर परिवार की आवाज दबाने की कोशिश की जाएगी, वहां JLKM मजबूती से खड़ा रहेगा। संगठन की ओर से शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत सोहन महतो को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की गई।

Tags - Bokaro News JLKM Jairam Mahto Gas Leak Incident Compensation Agreement