दिल्ली:
यूक्रेन संकट गहराता जा रहा है। युद्ध विराम को लेकर वार्ता विफल होने के बाद रूस ने यूक्रेन पर चौतरफा हमला करने का मन बना लिया है। राजधानी कीव सहित बाकी सभी प्रमुख शहरों में रूसी सेना बमबारी कर रही है। ऐसे हालात में यूक्रेन में फंसे भारत सहित अन्य देशों के नागरिक अपने-अपने देश लौट रहे हैं या लौट जाना चाहता हैं। भारत ऑपरेशन गंगा के तहत अपने नागरिकों को यूक्रेन से निकाल रहा है, लेकिन इसी बीच भारत में रह रहे कुछ लोग यूक्रेन जाना चाहते हैं।

कौन लोग यूक्रेन जाना चाहते हैं
आप सोचेंगे कि वे कौन से लोग हैं जो ऐसे भयावह हालात में यूक्रेन जाना चाहते हैं। आखिर उनकी मंशा क्या है। वे क्यों अपनी जान जोखिम में डालना चाहते हैं। दरअसल, ये यूक्रेनी नागरिक हैं जो भारत में किसी वजह से रह रहे हैं। यूक्रेन की एक नागरिक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि मैं कीव जाना चाहती हूं। यूक्रेन में मेरे परिवार को मेरी जरूरत है। वे लोग खाना नहीं खरीद पा रहे हैं क्योंकि बमबारी हो रही है। वहां बेहद खतरनाक स्थिति है।

अपने परिवार के पास जाना चाहते हैं
गौरतलब है कि भारत में रह रहे यूक्रेनी नागरिक अपने परिवारों के पास वापस जाना चाहते हैं। वे इस संबंध में सलाह लेने अथवा मदद की आस से दिल्ली स्थित यूक्रेनी दूतावास से संपर्क स्थापित कर रहे हैं।
अन्या नाम की एक यूक्रेनी नागरिक ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि मैं यूक्रेन के किसी नजदीकी देश में जाना चाहती हूं। अन्या कहती हैं कि ये अविश्वसनीय है कि 21वीं सदी में इस तरह की चीजें हो रही है। युद्ध बंद होना चाहिये।