जमशेदपुर
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित हबीब नगर में रविवार रात महज 122 रुपये की बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बकाया पैसे मांगने पर दो युवकों ने पहले दुकानदार के साथ मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ की। बाद में इलाके में दहशत फैलाने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग कर फरार हो गये। घटना रात करीब आठ बजे की बतायी जा रही है। जानकारी के अनुसार हबीब नगर निवासी इम्तियाज की एक जनरल स्टोर की दुकान है। रविवार रात जुगसलाई निवासी आसिफ नामक युवक उनकी दुकान पर पहुंचा और बताया कि राज बच्चा ने कुछ सामान मंगाया है। आसिफ ने इम्तियाज से 122 रुपये का सामान खरीदा। इसके बाद इम्तियाज ने बकाया का पुर्जा बनाकर आसिफ के हाथों राज बच्चा के पास भेज दिया और पैसे भेजने को कहा। इम्तियाज का आरोप है कि कुछ ही मिनट बाद राज बच्चा और पलटन बाइक से दुकान पहुंचे और पैसे मांगने की बात पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

फायरिंग कर मौके से फरार
दोनों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की, सामानों को नुकसान पहुंचाया। स्थिति बिगड़ती देख इम्तियाज ने दुकान का शटर गिरा दिया, लेकिन आरोपी शटर पर भी लात मारते रहे। इसके बाद दोनों वहां से चले गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा मोहल्ले में पहुंचे और दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर मौके से फरार हो गये। इधर, गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जुट गये और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों आरोपी हबीब नगर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। दूसरी और सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है, जिसे जब्त कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है। फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
