गिरिडीह:
गिरिडीह में बुधवार की शाम को वज्रपात की चपेट में आकर 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। घटना तिसरी थानाक्षेत्र अंतर्गत चंदौरी गांव की है। बताया जाता है कि हादसा सकरी नदी के तट पर हुआ। जानकारी मिली है कि बुधवार की शाम को करीब 4 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश बचने के लिए बेलवाना निवासी 30 वर्षीय आफताब अंसारी, चंदौरी निवासी 26 वर्षीय राजू तुरी, नूनमनी कुमार, 24 वर्षीय अमन कुमार, चरना रविदास और चंदन कुमार पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जन के साथ वज्रपात हुआ और पेड़ के नीचे खड़े सभी युवक इसकी चपेट में आ गए।

2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई
वज्रपात की चपेट में आकर नूनमनी कुमार और अमन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आफताब अंसारी और राजू तुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। चरना रविदास और चंदन कुमार को हल्की चोट आई है। घटना के बाद ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तुरंत चंदौरी के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन ने लोगों से बदलते मौसम में सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने या पेड़ की शरण लेने से बचें। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी हादसे पर दुख जताया है।