logo

गुमला में दो सड़क हादसे, डेढ़ माह की बच्ची और महिला की मौत; दर्जनभर घायल

ुहसतो31.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला और लातेहार जिले की सीमा पर रविवार रात हुए दो भीषण सड़क हादसों ने इलाके में दहशत और चिंता बढ़ा दी। रायडीह और महुआडांड़ में अलग-अलग हुई दुर्घटनाओं में एक डेढ़ माह की बच्ची और एक 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं गंभीर रूप से घायल मरीजों को रांची के रिम्स रेफर किया गया। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम सदर अस्पताल में कराया गया।


पहली घटना रायडीह प्रखंड के काशीर मरियमटोली के पास हुई। रांची लौट रही एक बोलेनो कार ड्राइवर को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डेढ़ माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार सात लोग घायल हुए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल 54 वर्षीय पात्रीक बेक और 29 वर्षीय नीलोफर एक्का को रिम्स रेफर किया गया। पात्रीक बेक के दोनों हाथ टूट गए हैं, जबकि नीलोफर को आंख के नीचे गंभीर चोट लगी है। पात्रीक ने बताया कि वे अपनी बहन के घर एक समारोह में शामिल होकर रांची लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृत बच्ची की पहचान की प्रक्रिया जारी है।


दूसरी घटना महुआडांड़ में हुई, जहां धान से भरा एक पिकअप वाहन देर शाम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना में 65 वर्षीय लाजरूस टोप्पो, 40 वर्षीय सिलवेनिया टोप्पो और चालक सलीन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले महुआडांड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें गुमला रेफर किया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सिलवेनिया टोप्पो को मृत घोषित कर दिया। बाकी दोनों का इलाज जारी है।