द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड में गुरुवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रांची स्थित रिम्स में रेफर किया गया है। पहला हादसा बारियातू–फुलसु मार्ग पर लाटू गांव के पास सहेदा मोड़ के निकट हुआ। फुलसु बाजार से अपने गांव होजर लौट रहे नरेश गंझु (40) और बिगन गंझु (35) की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां नरेश गंझु को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बिगन गंझु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।

दूसरी घटना बालूमाथ–लातेहार मुख्य मार्ग पर पकरी गांव के पास हुई, जहां स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरने से सुरेंद्र भगत (18) की मौत हो गई। धौरा टोला, बालू पंचायत के निवासी सुरेंद्र इंटर का छात्र था। वह बालूमाथ में मेला देखकर स्कूटी से घर लौट रहा था कि कोठाटांड़ के पास वाहन फिसल गया और उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।