द फॉलोअप डेस्क
चांडिल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बजरंग चौक निवासी अमन कुमार (23) और विकास रजक (22) अपने दोस्त कैप्टन शर्मा के साथ देवड़ी मंदिर जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब 2:30 बजे चांडिल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में अमन कुमार और विकास रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैप्टन शर्मा को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन और विकास को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के दिन ही अमन का जन्मदिन था और वह दोस्तों के साथ मंदिर में पूजा करने जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटकर पूरे मामले की जांच कर रही है।