बिहार के सीवान में बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध अपराधी दिखे और पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर अपराधियों ने पुलिस पर करीब 4 राउंड फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन पुलिस ने बिना देर किए जवाबी फायरिंग की और दोनों अपराधियों को भागने का कोई मौका नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि दोनों के पैर में गोली लगी और वे पकड़े गए। घायल अपराधियों की पहचान बड़हरिया थाना इलाके के सदरपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार शर्मा और चौकी हसन गांव निवासी 19 वर्षीय रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को तत्काल हिरासत में लेकर सदर अस्पताल ले जाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पटना रेफर किया गया। पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। दोनों खोड़ीपाकड़ ज्वेलरी दुकान लूटकांड के साथ-साथ हाल ही में हुए अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में भी शामिल थे। इतना ही नहीं, वे इंटर-स्टेट स्तर पर भी सक्रिय रहे हैं और बगोरा, हैदराबाद सहित कई इलाकों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
यानी पुलिस ने एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया है।