logo

गुमला में दो दर्दनाक हादसों ने लोगों को झकझोरा, पुआल में लगी आग की चपेट में दो मासूमों की मौत

जदोत.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए दर्दनाक हादसों ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया। पुआल के ढेर में लगी आग ने दो मासूम बच्चों की जान ले ली। पहली घटना कामडारा थाना क्षेत्र के सरिता गांव की है, जहां डेढ़ वर्षीय नमन लुगून खेलते-खेलते पुआल के ढेर में लगी आग की चपेट में आ गया। बताया गया कि नमन पुआल पर लेटा था और आसपास कुछ बच्चे खेल रहे थे। खेल के दौरान बच्चों ने माचिस जलाई, जिससे पुआल में आग लग गई। जैसे ही आग भड़की, सभी बच्चे वहां से भाग निकले, लेकिन नमन वहां से निकल नहीं सका और लपटों में घिर गया। ग्रामीणों ने आग बुझाकर उसे गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसे रिम्स रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


दूसरी घटना पालकोट थाना क्षेत्र के बिलिंगबीरा गांव में हुई। यहां एक साल नौ माह की शोभा कुमारी पुआल के ढेर के पास खेल रही थी। उसकी मां शारदा देवी खेत में मड़वा काटने गई थीं। इसी दौरान गांव के अन्य बच्चे खेलते-खेलते पुआल में आग लगा बैठे। देखते ही देखते आग फैल गई और शोभा उसमें फंस गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी। उसे गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।