logo

हेमंत सोरेन पर आईं 2 किताबें, हूल से सत्ता में वापसी तक डॉ. सोमनाथ आर्य की दो पुस्तकों में दर्ज हुई संघर्ष गाथा

हेमंत सोरेन पर आईं 2 किताबें, हूल से सत्ता में वापसी तक डॉ. सोमनाथ आर्य की दो पुस्तकों में दर्ज हुई संघर्ष गाथा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

झारखंड की राजनीति, आदिवासी अस्मिता और सत्ता के बदलते समीकरणों को केंद्र में रखकर पत्रकार, लेखक एवं शोधकर्ता डॉ. सोमनाथ आर्य की दो महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। हिंदी और अंग्रेजी में आई ये दोनों पुस्तकें झारखंड के ऐतिहासिक संघर्षों से लेकर मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों तक की यात्रा को अलग-अलग नजरिये से प्रस्तुत करती हैं। हिंदी पुस्तक का नाम 'हूल से हेमंत तकः आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान' है, जबकि अंग्रेजी में प्रकाशित पुस्तक का शीर्षक 'द इनविजिबल कूपः हेमंत सोरेन, झारखंड एंड द पॉलिटिक्स ऑफ पावर' रखा गया है। इन पुस्तकों में 1855 के संथाल हूल, सिदो-कान्हू के विद्रोह, भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान, झारखंड अलग राज्य आंदोलन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष से लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी तथा उनकी सत्ता में ऐतिहासिक वापसी तक के घटनाक्रम को समेटा गया है।

हूल, उलगुलान और अलग राज्य आंदोलन से जुड़ी संघर्ष की कड़ियां

'हूल से हेमंत तक' पुस्तक झारखंड के राजनीतिक इतिहास के साथ यहां के समाज की लंबी संघर्ष यात्रा को भी सामने लाती है। इसमें 1855 के ऐतिहासिक संथाल हूल और अमर शहीद सिदो-कान्हू के विद्रोह से लेकर भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान तथा अलग झारखंड राज्य के आंदोलन तक की घटनाओं को एक व्यापक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया गया है। लेखक ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष, अलग राज्य के गठन और उसके बाद प्रदेश की बदली राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का विश्लेषण किया है। जल, जंगल और जमीन पर अधिकार, विस्थापन की समस्या तथा आदिवासी समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा जैसे मुद्दों को हेमंत सोरेन के नेतृत्व और उनकी सरकार की नीतियों से जोड़कर देखा गया है। इस तरह पुस्तक केवल एक राजनीतिक परिवार या नेता की कहानी तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंडी समाज की ऐतिहासिक चेतना और अधिकारों की लड़ाई को भी रेखांकित करती है।

605 पन्नों की अंग्रेजी पुस्तक में गिरफ्तारी से सत्ता में वापसी तक का घटनाक्रम

अंग्रेजी पुस्तक 'द इनविजिबल कूप' में 31 जनवरी 2024 को हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद झारखंड में पैदा हुए असाधारण राजनीतिक हालात और उसके बाद हुए घटनाक्रमों का विस्तार से उल्लेख किया गया है। इसमें हेमंत सोरेन के जेल में बिताए गए 149 दिनों, 28 जून 2024 को उनकी रिहाई, जुलाई 2024 में दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने और नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव में मिले प्रचंड जनादेश तक की पूरी राजनीतिक यात्रा दर्ज है। लेखक ने जांच एजेंसियों की भूमिका, संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली, उनके समक्ष उत्पन्न चुनौतियों और लोकतंत्र में जनता की भावनाओं के प्रभाव की पड़ताल की है। पुस्तक में राजनीतिक घटनाक्रम के अलावा हेमंत सोरेन के पारिवारिक और मानवीय पक्ष को भी जगह दी गई है। इसमें पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन की राजनीतिक विरासत, मां के प्रति उनका लगाव और कठिन परिस्थितियों में पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन से जुड़े प्रसंग शामिल हैं। संकट के समय कल्पना सोरेन की राजनीतिक सक्रियता, परिवार को संभालने में उनकी भूमिका और हेमंत सोरेन के व्यक्तिगत जीवन में आए बदलावों पर भी अलग-अलग अध्यायों में चर्चा की गई है। इसके साथ ही झारखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव का भी आकलन किया गया है। डॉ. सोमनाथ आर्य के मुताबिक, अंग्रेजी पुस्तक 605 पन्नों की है, जबकि हिंदी पुस्तक 470 पन्नों में प्रकाशित हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों पुस्तकों की विषयवस्तु एक-दूसरे से अलग है। हेमंत सोरेन की राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि को केंद्र में रखकर लिखी गई ये अपने तरह की पहली पुस्तकें हैं।

Tags - Jharkhand Politics Hemant Soren Tribal Identity Somnath Arya Jharkhand Books