द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे एक भीषण हादसा हो गया। मानपुर टेड़की आहर के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों के समूह पर गिट्टी से लदा हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई लोग वाहन के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक मलबे से दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की खोज जारी है। घटना स्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है और माहौल गमगीन है। पुलिस ने हाईवा चालक और वाहन के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल बचाव कार्य चल रहा है।
