द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के चूटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा एक कंटेनर ब्रेक फेल होने के कारण आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग लगने के कारण कंटेनर के चालक केबिन में फंस गए और झुलसने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया। घटना के कारण ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
