पाकुड़
पाकुड़ में भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के विरोध के खिलाफ मशाल जुलूस और प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह ने किया. मातृ शक्तियों द्वारा कालीबाड़ी, राजापाड़ा से बिरसा चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया. इसके बाद बिरसा चौक पर इंडी गठबंधन और राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया. इस दौरान महिलाओं ने विपक्षी दलों और उनके नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान मीरा प्रवीण सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर विपक्ष का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने इसे विपक्ष की संकीर्ण सोच बताते हुए कहा कि यह आधी आबादी के अधिकारों के खिलाफ है. साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है.
भाजपा नेत्री प्राची चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है और इसे दबाने का प्रयास कर रहा है. जिला उपाध्यक्ष शर्मिला रजक ने भी विपक्ष के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि संसद में इस मुद्दे पर विरोध से महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने कहा कि अब भाजपा गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करेगी. इस कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व नगर अध्यक्ष पंकज साह, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, धर्मेन्द्र त्रिवेदी, निधि गुप्ता, कोनिका कुमारी, पुष्पा पांडेय, अनामिका कुमारी, रश्मि भगत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं.
