logo

झारखंड के तीन युवकों ने छत्तीसगढ़ में चाची-भतीजी के साथ किया गैंगरेप, महिला ने की खुदकुशी, ASI सस्पेंड

SANAUL.jpg

द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में चाची और नाबालिग भतीजी से झारखंड के 3 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद महिला सदमे में चली गई थी जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला सनावल थाना क्षेत्र का है। आरोपियों में झारखंड का रहने वाला सैयद अली (21), फैयाज अंसारी (22) और सोनू अंसारी (30) शामिल हैं। वहीं परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने ASI रोशन लकड़ा को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही सनावल थानेदार गजपति मिर्रे को लाइन अटैच किया गया है। ASI और थानेदार के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। करीब 3 महीने बाद 3 दिसंबर को नाबालिग से गैंगरेप और महिला को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने पर केस दर्ज किया गया। 


दरअसल, 7 सितंबर 2025 को महिला अपनी भतीजी (14) के साथ लकड़ी लेने जंगल गई थी। तभी तीनों युवक उन्हें मिले। तीनों आरोपियों ने चाची-भतीजी के साथ गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि किसी को घटना की जानकारी दी तो जान से मार डालेंगे। चाची-भतीजी किसी तरह जंगल से अपने घर पहुंची। महिला ने रात में 7 सितंबर की रात अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने बताया कि महिला का पति मध्यप्रदेश के जबलपुर में काम करता है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। इसके बाद अंतिम संस्कार किया। तब जाकर पता चला कि महिला और नाबालिग के साथ गैंगरेप हुआ है। इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी फौरन सनावल पुलिस को दी, लेकिन सनावल पुलिस ने FIR तक दर्ज नहीं की। महिला के पिता ने सनावल पुलिस को आवेदन दिया। आरोपियों के खिलाफ SDOP रामानुजगंज से शिकायत भी की थी।


बलरामपुर पुलिस ने मामले में गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो नवंबर में महिला के पिता ने इसकी शिकायत सरगुजा IG दीपक कुमार झा से की। IG ने मामले की जांच कराई। जांच में नाबालिग के साथ गैंगरेप करने की पुष्टि हुई। सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने बताया कि, नाबालिग से गैंगरेप और महिला के आत्महत्या करने के मामले में सनावल थाने में 3 महीने बाद 2 FIR दर्ज की गई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। तीनों आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।