logo

गोवा क्लब हादसा में झारखंड के तीन युवकों की मौत, सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख

ुदो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोवा के अरपोरा स्थित एक रेस्टोरेंट–कम–क्लब में रविवार देर रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की जान चली गई। मृतकों में झारखंड के तीन युवक भी शामिल हैं। इनमें रांची जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर निवासी प्रदीप महतो (24) और उनके भाई विनोद महतो (22) के साथ-साथ खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर निवासी मोहित मंडा (22) शामिल हैं। तीनों कुछ महीने पहले ही कुक का काम करने गोवा गए थे। परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक प्रदीप और विनोद के रिश्तेदार नारायण माथुर ने बताया कि दोनों भाई रेस्टोरेंट के किचन में काम करते थे और कुछ महीने पहले ही घर से बाहर निकले थे। उन्होंने कहा कि हादसे में उनके गांव के एक पड़ोसी की भी जान गई है।


आग लगने का कारण अभी साफ नहीं हो सका है, हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्लब में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी की गई थी, जिससे इतनी बड़ी दुर्घटना हुई। गोवा के मुख्यमंत्री ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।


इधर, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि गोवा अग्निकांड में झारखंड के तीन युवकों की मौत बेहद पीड़ादायक है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक–संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।