logo

प्रभात खबर के प्रधान संपादक को धमकी मामले में होटवार जेल के जेलर सहित 3 सस्पेंड

प्रभात खबर के प्रधान संपादक को धमकी मामले में होटवार जेल के जेलर सहित 3 सस्पेंड

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी और स्थानीय वरीय संपादक विजय पाठक को होटवार जेल से धमकी मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। आईजी जेल (झारखंड) ने उक्त मामले में जेलर प्रमोद कुमार और कम्प्यूटर ऑपरेटर सह उच्च कक्षपाल अवधेश कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि प्रधान संपादक और वरीय स्थानीय संपादक का फोन नंबर फीड करने में इनकी भूमिका थी। मामला दरअसल 29 दिसंबर का है। प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी और वरीय स्थानीय संपादक विजय पाठक को होटवार जेल से शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी के नाम से धमकी दी गई थी। बताया जाता है कि योगेंद्र तिवारी पर ईडी की चार्जशीट से संबंधित खबरों का जिक्र करते हुए धमकी दी गई थी। 

प्रभात खबर ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
प्रभात खबर ने इस सिलसिले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। केस की गंभीरता को देखते हुए मामला सीआईडी को सौंप दिया था। सीआईडी मामले की जांच में जुटी है। अब मामले में जेलर सहित 3 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में जेलर सहित कुछ अन्य लोगों से पूछताछ हो चुकी है। गौरतलब है कि ईडी के अधिकारियों को भी होटवार जेल से धमकाने का मामला सामने आया था। ईडी ने यह भी बताया था कि अधिकारियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही थी। हमला कराने के लिए नक्सलियों से संपर्क साधा जा रहा था। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में छापेमारी करने गई ईडी की टीम पर हमला हुआ। 

योगेंद्र तिवारी के खिलाफ ईडी ने दाखिल की चार्जशीट
गौरतलब है कि शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी मनी लॉन्ड्रिंग केस में रांची के होटवार जेल में बंद है। ईडी ने उसके खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की है जिसमें 11 कंपनियों का जिक्र है। ईडी ने अपनी जांच के आधार पर कहा कि योगेंद्र तिवारी ने बालू और शराब के अवैध कारोबार से 14 करोड़ रुपये से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग की। मामले की छानबीन जारी है। इस बीच खबरें आई कि योगेंद्र तिवारी द्वारा जेल से भेजे गए शिकायती आवेदन पर खेलगांव पुलिस ने प्रभात खबर के मालिक, प्रधान संपादक और वरीय स्थानीय संपादक के खिलाफ केस दर्ज किया।