नगर ऊंटारी/गढ़वा:
गढ़वा के नगर ऊंटारी थानाक्षेत्र के नगर उंटारी -भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर दहेड़िया में मैजिक एवं टेंपो की भिड़ंत में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतकों की पहचान इंद्रजीत गुप्ता, अजय कुमार और अवधेश उरांव के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक केतार थानाक्षेत्र के छताकुंड़ गांव से लोग टेंपो से छेका करने के लिए नगर उंटारी आ रहे थे। इसी बीच दहेड़ीया में विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही मैजिक ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में सवार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वही दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद वहां पर घायलों के चीख पुकार मच गई। वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को रेस्क्यू किया
आसपास के लोगों ने सभी घायलों को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह और भाजपा नेता कन्हैया चौबे ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा। उधर घटना की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने भी घटनास्थल एवं अस्पताल पहुंच कर घायलों के इलाज में सहायता की।

घटना में दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल
गंभीर रूप से जख्मी इंद्रजीत कुमार गुप्ता, बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव एवं अजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख बाहर रेफर कर दिया। घायलों में लवकुश कुमार,टिंकू उरांव,अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह,दीपक कुमार, नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कोलझिकी गांव निवासी अंकुश कुमार,यूपी के कोण मंडरा गांव निवासी शिव कुमार उरांव, सहित अन्य के नाम शामिल है। जानकारी के अनुसार नगर ऊंटारी थाना के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री की छेका करने जा रही थी। 14 मई को शादी थी।