गढ़वा:
गढ़वा में 3 दिवसीय पलामू क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। समापन समारोह का आयोजन गढ़वा पुलिस लाइन मैदान में हुआ। समारोह में पलामू डीआईजी कौशल किशोर, गढ़वा डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा, एसपी आशुतोष शेखर, पलामू एसपी कपिल चौधरी, लातेहार एसपी और सीआरपीएफ कमांडेंट ने शिरकत की। डीआईजी कौशल किशोर ने कहा कि 3 दिवसीय क्षेत्रीय पलामू खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी गढ़वा को सौंपी गई थी।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद पुलिस की परंपरा रही है। लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला।

खेलकूद से मानसिक और शारीरिक विकास
डीआईजी कौशल किशोर ने कहा कि आज प्रतिभागियों ने जिलास्तर की खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने प्रदर्शन के दम पर आगे राज्य और भी राष्ट्रीय स्तर पर बढ़िया प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेलकूद हमें मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। डीसी पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि 3 दिवसीय पलामू क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी गढ़वा को मिली। यह पुलिस बल के लिए निश्चित तौर पर बढ़िया और सकारात्मक कदम है।

डीसी ने विभिन्न खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि खेल से मानसिक और शारीरिक विकास होता है। लोगों की गतिविधियां तेज होती है। प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागियों को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।