देवघर:
देवघर जिला में विधि-व्यवस्था के मद्देनजर विशेष छापेमारी अभियान संचालित है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ 3 युवकों को पकड़ा और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पकड़े गए युवकों का नाम साहिल श्रीवास्तव, विजय चौहान उर्फ विजय गुप्ता और गौरव कुमार झा उर्फ मोंटी है। आरोपियों के पास 1 देसी पिस्टल और मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने बताया कि एसपी के निर्देश पर नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत टावर चौक के पास स्कूल में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए बताई गई जगह से युवक को पकड़ा और फिर उसकी निशानदेही पर 2 अन्य युवकों को गिरफ्तार किया।

नगर थाना प्रभारी ने टीम के साथ की कार्रवाई
इस कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, एसडीपीओ अशोक कुमार ने इस मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और विस्तृत जानकारी के लिए एसपी से संपर्क किया जाए।

इधर, एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि चेकिंग के दौरान कुछ युवक संदिग्ध तरीके से भागने लगे, जिन्हें पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद किया गया, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की गई।