पलामू:
पलामू जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त तेवर में नजर आ रहा है। एक ओर जहां एसपी कपिल चौधरी संगठित अपराध और नक्सल गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए एक्शन मोड में हैं, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में एसपी ने सभी एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों को साफ निर्देश दिया कि जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें और थानों में आने वाले हर आवेदन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि आवेदकों को रिसीविंग देना अनिवार्य होगा, ताकि पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत हो सके।

थाना प्रभारियों की होगी जवाबदेही
एसपी ने नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण को प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया कि नक्सलियों की गिरफ्तारी और उनके नेटवर्क को तोड़ना पुलिस की मुख्य जिम्मेदारी है। साथ ही संगठित अपराध पर विशेष नजर रखने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि जिस थानाक्षेत्र में ऐसे अपराध होंगे, उसके लिए संबंधित थाना प्रभारी जवाबदेह होंगे। इधर, शहर में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। पुलिस द्वारा ब्लैक शीशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत फोर व्हीलर वाहनों में लगे अवैध काले शीशों को मौके पर ही हटाया जा रहा है और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

कानून से खिलवाड़ नहीं किया जायेगा बर्दाश्त
जांच के दौरान समाजसेवी राजू तिर्की का वाहन भी कार्रवाई की जद में आया, जिसमें लगे ब्लैक शीशे को पुलिस ने मौके पर ही हटवा दिया और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी राजेश कुमार कर रहे हैं। उनके साथ शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, टीओपी प्रभारी और ट्रैफिक इंचार्ज भी सक्रिय रूप से मौजूद हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सड़क अनुशासन दोनों मजबूत हो सकें।