द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र के माल्डा स्थित पांडेडीह मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक क्लीनिक में इलाज के दौरान 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान माल्डा निवासी जर्नादन तिवारी के पुत्र भैरव तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित स्वजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर पटना-पिहरा मुख्य मार्ग जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोग पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।.jpeg)
ग्रामीणों और स्वजनों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपी झोला छाप डॉक्टर हरिदास अधिकारी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मिली जानकारी के अनुसार, भैरव तिवारी को शुक्रवार सुबह अचानक छाती में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उसका भाई रूपेश तिवारी उसे बाइक पर बैठाकर पांडेडीह मोड़ स्थित झोला छाप डॉक्टर हरिदास अधिकारी के क्लीनिक लेकर गया। आरोप है कि डॉक्टर ने लगातार तीन इंजेक्शन लगा दिए, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उसे गावां सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉ. काजिम खान ने जांच के बाद भैरव को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गया है।
सूचना मिलते ही गावां इंस्पेक्टर रोहित कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। इस बीच, आरोपी डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हो गया है। खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों का आक्रोश जारी था और सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी।