logo

S.I.R को लेकर लोगों का डर भगाएगा झामुमो, कार्यकर्ता और BLO-2 चलाएंगे मुहिम; जानें पूरी बात

a1929.jpg

गढ़वा:

गढ़वा में झामुमो के बूथ सम्मेलन सह बीएलओ-2 प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने गढ़वा पहुंचे पार्टी के महासचिव और केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि हम शुरुआत से विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण का विरोध करते आए हैं। उन्होंने कहा कि देखा है कि कैसे बिहार और बंगाल में मतदाताओं को सवैंधानिक अधिकारों से वंचित किया गया। लोगों का नाम राशन कार्ड से काटा गया है। विनोद पांडेय ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोग अपने लोगों को जागरूक करने गढ़वा आए हैं। 

घर-घर जाएंगे झामुमो के कार्यकर्ता
गौरतलब है कि झारखंड में 30 जून से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन से लेकर राजनीतिक दलों तक में इसे लेकर गहमागहमी का माहौल है। आज गढ़वा में झारखंड मुक्ति मोर्चा का बूथ सम्मलेन सह बीएलओ -2 प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रशिक्षण प्रमुख सह केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय, पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर और विधायक अनंत प्रताप देव शामिल हुए। 

सम्मेलन में सभी बीएलओ और कार्यकर्ताओं को रांची से आये प्रशिक्षणकर्ताओं के द्वारा बारीकी से एसआईआर में होने वाली परेशानी और उसका उपाय बताया गया। वीडियो के माध्यम से बताया गया है कि अपने-अपने बूथ में मतदाताओं की सहायता कैसे करनी है। 

मतदाताओं में भ्रम की स्थिति से समस्या
विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड में आज से एसआईआर को  लेकर मतदाताओं मे भ्रम की स्थिति है। हमारा कहना है कि लोगों को एसआईआर को लेकर दिग्भ्रमित नहीं होना है। उन्होंने कहा कि गढ़वा वह 21वां जिला है जहां पार्टी ने बूथ सम्मेलन सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि बीएलओ-2 यहां प्रशिक्षण हासिल करके कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे और फिर कार्यकर्ताओं का जिम्मा होगा मतदाताओं का सहयोग करना। उन्होंने कहा कि जागरूकता से लोगों का डर दूर होगा। 

योग्य लोगों का नाम सूची से नहीं कटे!
बीएलओ -2 और कार्यकर्ता देखेंगे कि योग्य लाभुकों का नाम मतदाता सूची से ना कटे और अयोग्य लोग ना जुड़ जाएं। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आज भी विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण का विरोध करता है। लोगों को इसके जरिए उनके संवैधानिक हक से वंचित किया गया है। लोगों का नाम सरकारी योजना के लाभार्थियों की सूची से भी हटा दिया गया है। बीएलओ-2 और कार्यकर्ताओं को इस बात की जानकारी दी गई है। 
 

Tags - Jharkhand Mukti MorchaJMMSIRECIElection Commission of India