logo

JSSC CGL के दोनों मामलों में ED ने शुरू की जांच

JSSC CGL के दोनों मामलों में ED ने शुरू की जांच

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड में जेपीएससी और सीजीएल परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितता व पेपर लीक मामलों में अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। जेपीएससी परीक्षा से संबंधित ईसीआईआर दर्ज करने के बाद ईडी ने सीजीएल पेपर लीक से जुड़े दोनों मामलों में भी जांच शुरू कर दी है। ईडी ने नामकुम थाना में वर्ष 2024 में दर्ज केस संख्या 45/24 के आधार पर पहले ही ईसीआईआर दर्ज की थी।

अवैध आर्थिक लेन-देन की जांच करेगी ईडी

अब सीआईडी के केस संख्या 1/25 की जांच के दौरान पेपर लीक से जुड़े अहम साक्ष्य सामने आने के बाद एजेंसी ने इस मामले को भी मनी लॉन्ड्रिंग के दृष्टिकोण से जांच के दायरे में लिया है। ईडी अब सीआईडी की जांच में सामने आए तथ्यों और संदिग्ध आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जानकारी जुटाएगी। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि कथित पेपर लीक के पीछे किसी प्रकार के अवैध आर्थिक लेन-देन या धन के इस्तेमाल का संबंध है या नहीं। इसके आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय और सीआईडी से विस्तृत जानकारी मांग सकती है ED 
सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर सबसे पहले नामकुम थाना में मामला दर्ज किया गया था। मधुमिता कुमार के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में शुरुआत में अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था। हालांकि, जांच आगे बढ़ने के बाद नामकुम पुलिस ने अभय तिवारी को भी इस मामले में आरोपी बनाया।बताया जा रहा है कि ईडी ने पहले भी इस मामले से संबंधित कई जानकारियां पुलिस मुख्यालय से मांगी थीं। 

अब दोनों मामलों में नए तथ्यों के सामने आने के बाद एजेंसी एक बार फिर पुलिस मुख्यालय और सीआईडी से विस्तृत जानकारी मांग सकती है। ईडी की जांच अब इस बात पर केंद्रित होगी कि पेपर लीक के कथित मामले में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और क्या इसके पीछे किसी संगठित आर्थिक नेटवर्क या अवैध लेन-देन का संबंध मौजूद है। इसके लिए संबंधित जांच एजेंसियों से दस्तावेज और केस से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

 

Tags - JPSCExamCGLPaperLeakEDInvestigationJharkhandNewsMoneyLaundering