द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के उटा मोड़ के समीप मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय भूपेंद्र कुमार यादव, पिता स्व. बालदेव यादव, निवासी लक्ष्मणपुर के रूप में हुई है। उनके सिर पर किसी भारी पत्थर से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान पाए गए, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मृतक के भतीजे टिंकू यादव ने पुलिस को दी। टिंकू के अनुसार, भूपेंद्र शराब के आदी थे और सोमवार देर शाम नशे में सड़क किनारे पड़े मिले थे। टिंकू उन्हें वहां से उठाकर एक सुरक्षित स्थान पर सुलाकर अपने घर लौट आए थे। लेकिन करीब आधे घंटे बाद ही उन्हें सूचना मिली कि भूपेंद्र की हत्या कर दी गई है और उनके सिर को पत्थर से कुचल दिया गया है।

परिजनों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया। टिंकू यादव ने आशंका जताई है कि कुछ दिन पहले किसी अज्ञात व्यक्ति से हुई नोकझोंक के बाद से भूपेंद्र की किसी से रंजिश चल रही थी, जिसकी वजह से यह हत्या की गई हो सकती है। सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस हर बिंदु पर छानबीन कर रही है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।