logo

JPSC : उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता व अन्य पांच को CID ने गिरफ्तार किया

jpsc33.jpg

द फॉलोअप, रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई झारखंड सरकार के निर्देश पर दर्ज शिकायतों और आरोपों की जांच के बाद की गई। CID ने रांची पुलिस के सहयोग से JPSC कार्यालय सहित राज्य के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रांची के सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में JPSC की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, TSR Data Processing Private Limited के निदेशक रामवीर सिंह, मो० उस्मान, मो० इरफान तथा अभय कुमार तिवारी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। CID ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान प्राप्त होने वाले नए साक्ष्यों के आधार पर विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। यहां मालूम हो कि सीआईडी ने कल जेपीएससी कार्यालय की छापेमारी के बाद ही श्वेेता गुप्ता व कई अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था।

Tags - Jharkhand JPSC CID Deputy Controller of Examinations Shweta Gupta five arrested