द फॉलोअप, रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को सेवा विमान से दिल्ली गए। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी दिल्ली गयी हैं। इसे निजी दौरा बताया गया है। अर्थात दिल्ली में मुख्यमंत्री का कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं है। मुख्यमंत्री संभवतः 5 या 6 जुलाई को रांची लौटेंगे। फिर वह 8 और 9 जुलाई को दिल्ली में आयोजित स्टेक होल्डर्स कंसलटेशन कार्यक्रम मे शामिल होने फिर जाएं। इधर मुख्यमंत्री के दौरे को सार्वजनिक नहीं किए जाने के कारण, उनके दिल्ली रवाना होते ही राजनीतिक क्षेत्रों में तरह तरह की चर्चा प्रारंभ हो गयी है। कोई इसे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से जोड़ रहा है तो कोई प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू। मालूम हो कि वित्त मंत्री ने अपने सभी सुरक्षा गार्डों और उनके वाहनों को लौटा दिया है। दूसरी ओर के राजू कल से झारखंड में हैं और पार्टी के प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। यह भी कहा जाने लगा है कि मुख्यमंत्री राजनीतिक चर्चा को हवा देकर शायद मजा भी लेने लगे हैं। क्योंकि राज्यसभा चुनाव के बाद भी वह वाया दिल्ली मुंबई और पुणे चले गए थे। हालांकि जब भी वह गैर सरकारी या निजी दौरे पर बाहर जाते हैं तो तरह तरह की चर्चा होने ही लगती है।
