logo

जमशेदपुर : निर्माणाधीन फ्लैट के नीचे मिली युवक की लाश, पत्थर से सिर कुचलकर हत्या

ितोू1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक निर्माणाधीन आवासीय फ्लैट के नीचे संदिग्ध हालात में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र निवासी बिपद तरन पात्रा के रूप में की गई है। वह अपने माता-पिता और भाई के साथ जमशेदपुर में रहकर मजदूरी करता था। बिपद के भाई प्रवीण मोहंती ने पुलिस को बताया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है। उनका आरोप है कि किसी ने बिपद के सिर को भारी पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतारा और सबूत छिपाने के इरादे से शव को निर्माणाधीन इमारत के नीचे फेंक दिया।

सूचना मिलते ही बिरसानगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में भी यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। मौके से खून के धब्बे और एक पत्थर बरामद किया गया है। पुलिस निर्माणाधीन फ्लैट में काम करने वाले मजदूरों और आसपास रहने वालों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटनाक्रम की सही जानकारी मिल सके।