जामताड़ा:
Jharkhand News: जामताड़ा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर भारतीय जनता पार्टी (Jharkhand BJP) ने जिला प्रशासन (Jamtara District Administration) और राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी (Dr. Irfan Ansari) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जामताड़ा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और धांधली की शिकायत की।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह BLA-1 हरिमोहन मिश्रा ने मीडिया को संबोधित करते हुए दावा किया कि पुनरीक्षण के दौरान जामताड़ा जिले में करीब 14 हजार आदिवासी और 42 हजार हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई मंत्री इरफान अंसारी और उनके प्रभाव में काम कर रहे जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के इशारे पर की गई है।

एक ही पते पर 54 मतदाता, भौतिक सत्यापन की मांग
भाजपा नेता ने 5 अगस्त को प्रकाशित मतदाता सूची के ड्राफ्ट का हवाला देते हुए बताया कि एक ही मकान या पते पर 54 मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए हैं। इनमें अलग-अलग समुदायों के लोग शामिल हैं। उन्होंने इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए संबंधित पते का तुरंत भौतिक सत्यापन कराने की मांग की।
पैसे लेकर नाम जोड़ने और अमर्यादित व्यवहार का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान पबिया मंडल के लोधरिया क्षेत्र का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया गया कि वहां बीएलओ द्वारा पैसे लेकर नाम जोड़े जा रहे थे। जब इस संबंध में नारायणपुर अंचल अधिकारी को शिकायत दर्ज कराई गई, तो उन्होंने कार्रवाई करने के बजाय अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। मिश्रा ने कहा कि जब किसी मान्यता प्राप्त दल के बीएलए-1 के साथ ऐसा रवैया अपनाया जा रहा है, तो आम जनता की शिकायतों की सुनवाई कैसे होती होगी?
.jpeg)
पुलिस जांच और रेकी कराने का दावा
हरिमोहन मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि नारायणपुर के देवलवाड़ी बॉर्डर पर मंत्री के कहने पर पुलिस द्वारा उनकी गाड़ी रोककर जांच की गई और उनकी रेकी कराई गई। हालांकि, जब स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया, तो पुलिसकर्मी एसपी के निर्देश का हवाला देकर बिना जांच किए ही चले गए।
प्रशासन से की निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा नेताओं ने चुनाव आयोग द्वारा दिए गए जांच के आदेशों का स्वागत किया, लेकिन यह भी कहा कि स्थानीय अधिकारी केवल औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की बूथवार निष्पक्ष जांच, नारायणपुर में लंबित 40 हजार आवेदनों की स्थिति सार्वजनिक करने और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस अवसर पर जामताड़ा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निर्मल सोरेन, गोरायनाला मंडल अध्यक्ष गिरधारी मंडल, मेझिया मंडल अध्यक्ष सुब्रजीत मंडल, एसटी मोर्चा अध्यक्ष उत्तम हेमब्रम और विश्वजीत भंडारी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।