logo

मुंबई में हत्या कर दुमका भाग आया था आरोपी, महाराष्ट्र पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार 

MAHARASHTRAP.jpg

दुमका 

महाराष्ट्र पुलिस ने हत्या के आरोप में फरार चल रहे एक आरोपी को दुमका से गिरफ्तार किया है। खबर लिखे जाने तक महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को अपने साथ मुंबई ले गयी। इस गिरफ्तारी में दुमका पुलिस ने भी महाराष्ट्र पुलिस को सहयोग किया और दोनों के संयुक्त अभियान से आरोपी को पकड़ा जा सका। पुलिस के अनुसार आरोपी जिले के मोरटंगा इलाके में अपने संबंधी के यहां छुप कर रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी का नाम बमबम कुमार राय है। आरोपी को शनिवार को दोनों राज्यों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोरटंगा गांव के केवटपाड़ा इलाके में छापेमारी कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दुमका कोर्ट में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस उसे अपने साथ मुंबई लेकर चली गई। 

क्या है मामला 

पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार बमबम कुमार राय गोड्डा जिले के पथरगामा, मसूदनपुर गांव का निवासी है। वह मुंबई में ही रहकर काम करता था। आरोप है कि उसने मुंबई में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान घायल व्यक्ति की मौत अस्पताल में हो गई। अशोक राम, दुमका नगर थाना प्रभारी ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा, 'महाराष्ट्र पुलिस शनिवार को दुमका आई थी और नगर थाना पुलिस के सहयोग से हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।  


 

Tags - Accused Dumka Murder Mumbai Maharashtra Police Arrested