logo

5 अप्रैल को रांची आएंगे तेजस्वी यादव, संगठन मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

ूारह32.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 5 अप्रैल को रांची आएंगे। इस दौरान वे पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश, जिला, महानगर और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संवाद करेंगे। यह जानकारी रविवार को राष्ट्रीय जनता दल की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में दी गई। बैठक में जातीय जनगणना जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि पार्टी की ओर से हर महीने जिलावार सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी के मंत्री, विधायक और अन्य पदाधिकारी शामिल रहेंगे। बैठक में यह भी तय किया गया कि राजद कोर कमिटी की बैठक 17 मार्च को शाम 5 बजे से राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान के सरकारी आवास पर आयोजित की जाएगी। इसके अलावा राज्य के 24 जिलों में पंचायत स्तर तक लालू-तेजस्वी रथ घुमाने का भी निर्णय लिया गया, ताकि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाया जा सके। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने की। इस दौरान मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, सुभाष प्रसाद यादव, प्रवक्ता कैलाश यादव और डॉ. मनोज समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजन यादव ने किया।